डिमना से साकची तक निकलेगा विशाल डहरे टुसु परब, तैयारियां पूरी

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

डिमना से साकची तक निकलेगा विशाल डहरे टुसु परब, तैयारियां पूरी

जमशेदपुर, 03 जनवरी : डिमना से साकची (आमबागान) तक 04 जनवरी को आयोजित होने वाले विशाल डहरे टुसु परब को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार को बालिगुमा स्थित करम आखड़ा में आयोजन समिति, बृहद झारखंड कला–संस्कृति मंच तथा विभिन्न सामाजिक-सांस्कृतिक संगठनों की अंतिम तैयारी बैठक संपन्न हुई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा, मार्ग, समय-सारिणी एवं व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया।

बैठक में बताया गया कि यह पारंपरिक लोक-सांस्कृतिक जुलूस प्रातः 11 बजे डिमना से प्रारंभ होकर साकची (आमबागान) तक पहुँचेगा। जुलूस में ढोल-नगाड़ा, मांदर, लोकगीत एवं टुसु गीतों की प्रस्तुति के साथ पारंपरिक वेशभूषा में सजे प्रतिभागी शामिल होंगे, जिससे पूरे मार्ग में लोकपर्व का उल्लासपूर्ण वातावरण बनेगा।

आयोजन समिति के अनुसार, सहभागियों की सुविधा के लिए मार्ग में विभिन्न स्थानों पर जलपान की व्यवस्था की गई है। संकोसाई स्थित चना मानगो चौक पर चाय, पुल के सामने सामूहिक रूप से खिचड़ी तथा पुराना कोर्ट के सामने मुड़ी-घुगनी का वितरण किया जाएगा।

बैठक में यह भी बताया गया कि डहरे टुसु परब लोक-प्रकृति-धान (डिनी) आधारित पर्व है, जो कृषि संस्कृति, सामूहिक श्रम और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। आयोजन को पूरी तरह पारंपरिक, शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया गया है, ताकि इसकी मौलिक पहचान बनी रहे।

इस कार्यक्रम में पूर्वी सिंहभूम जिला सहित पूरे झारखंड एवं बृहद झारखंड क्षेत्र से बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिला समूह, युवा एवं सांस्कृतिक दलों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन समिति ने आम नागरिकों एवं संस्कृति-प्रेमियों से अपील की है कि वे 04 जनवरी को डिमना से साकची तक आयोजित डहरे टुसु परब में भाग लेकर इस लोकपर्व को सफल बनाएं।

Share This Article