श्री शनिदेव भक्त मंडली ने बच्चों के साथ किया 9वीं महा चित्रांकन प्रतियोगिता का आयोजन

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

श्री शनिदेव भक्त मंडली ने बच्चों के साथ किया 9वीं महा चित्रांकन प्रतियोगिता का आयोजन

आदित्यपुर, 21 दिसंबर : श्री शनिदेव भक्त मंडली (ट्रस्ट) द्वारा अपनी मंडली पुत्री श्रुतिका की स्मृति में लगातार नौवीं बार महा चित्रांकन प्रतियोगिता 2025 का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 2500 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ मंडली पुत्री श्रुतिका की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम सुबह 8 बजे से 11:30 बजे तक चला। इस अवसर पर मंडली के संस्थापक एसके अली, अध्यक्ष राजेश चांचरा एवं उपाध्यक्ष पंकज कुमार रामा मंच पर उपस्थित रहे।

चित्रांकन प्रतियोगिता में LKG से लेकर 10वीं कक्षा तक के बच्चों ने भाग लिया। प्रतिभागियों को कुल छह वर्गों में विभाजित किया गया, जिनमें से प्रत्येक वर्ग से एक दर्जन बच्चों का चयन कर कुल 72 प्रतिभाशाली बच्चों को मंडली स्थापना दिवस सह सम्मान समारोह के अवसर पर 18 जनवरी 2026 को पुरस्कृत किया जाएगा।

गौरतलब है कि प्रतियोगिता में शामिल सभी 2500 बच्चों को गोल्ड मेडल एवं वॉटर बॉटल उपहार स्वरूप प्रदान किया गया। अभिभावकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रतियोगिता स्थल पर ही बच्चों का पंजीकरण किया गया। इस वर्ष विशेष व्यवस्था के तहत बच्चों को प्रवेश पास के साथ ड्राइंग शीट एवं सर्टिफिकेट पहले ही प्रदान कर सीधे मैदान में प्रवेश कराया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में मंडली के 100 से अधिक सदस्यों ने अथक परिश्रम किया, जबकि 50 से अधिक महिला वोलेंटियर्स ने बच्चों की देखरेख की जिम्मेदारी बखूबी निभाई। मंडली द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता न केवल बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का माध्यम बनी, बल्कि सामाजिक सहभागिता और सेवा भावना का भी उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।

Share This Article