जनता दरबार में उपायुक्त ने सुनी समस्याएँ, दिए त्वरित समाधान के निर्देश

सरायकेला, 19 अगस्त : समाहरणालय परिसर स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में मंगलवार को साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं अंचलों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएँ रखीं।
जनता दरबार में मुख्य रूप से म्यूटेशन, सीमांकन, रैयती जमीन पर अवैध कब्जा, जाति प्रमाण पत्र निर्गत करने, मुख्यमंत्री माईयां सम्मान योजना का लाभ न मिलने, नीमडीह प्रखंड में ग्राम प्रधान पद के चयन, तथा वृद्धा पेंशन योजना के भुगतान लंबित रहने जैसी शिकायतें सामने आईं।
उपायुक्त ने सभी आवेदनों की गंभीरतापूर्वक सुनवाई करते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को त्वरित, पारदर्शी एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
दरबार के दौरान राजनगर प्रखंड के केण्डमुंडी पंचायत की मुखिया रासमणि हांसदा ने वृद्ध महिलाओं को कई माह से पेंशन का लाभ न मिलने की समस्या उठाई। इस पर उपायुक्त ने तत्काल प्रखंड विकास पदाधिकारी से दूरभाष पर बात कर पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से लंबित मामलों का निष्पादन किया जाए और वंचित लाभुकों को आवेदन प्राप्त कर योजना से जोड़ा जाए।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पात्र लाभुकों तक पहुँचना चाहिए और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


