डहरे टुसु परब 2026 की तैयारी तेज, पटमदा प्रखंड की 13 सांस्कृतिक टीमें करेंगी सहभागिता

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

डहरे टुसु परब 2026 की तैयारी तेज, पटमदा प्रखंड की 13 सांस्कृतिक टीमें करेंगी सहभागिता

जमशेदपुर, 20 दिसंबर : शहर में आगामी 4 जनवरी 2026 को डिमना से साकची आमबागान तक आयोजित होने वाले पारंपरिक डहरे टुसु परब की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में शनिवार को पटमदा प्रखंड अंतर्गत लोवाडीह स्थित कुड़माली भवन में एक महत्वपूर्ण एवं व्यापक तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में पटमदा प्रखंड के वरिष्ठ संस्कृति प्रेमी, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा प्रतिनिधि, महिला प्रतिभागी एवं टुसुमनी से जुड़े कई लोग शामिल हुए।

बैठक में जानकारी दी गई कि इस वर्ष डहरे टुसु परब में पटमदा प्रखंड से कुल 13 पारंपरिक सांस्कृतिक टीमों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। इन टीमों में महिलाओं एवं युवतियों की उल्लेखनीय भागीदारी रहेगी, जो झारखंड की लोक-संस्कृति में महिलाओं की सशक्त भूमिका को दर्शाएगी। इसके अतिरिक्त जाल्ला कॉलेज की सांस्कृतिक टीम भी पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य के माध्यम से आयोजन में अपनी प्रस्तुति देगी।

बैठक के दौरान टुसु परब से जुड़े पारंपरिक गीत, लोकनृत्य, ढोल-नगाड़ा, पारंपरिक वेशभूषा तथा सांस्कृतिक अनुशासन को बनाए रखने पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित सदस्यों ने आयोजन को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और जनभागीदारी के साथ भव्य रूप से संपन्न कराने पर सहमति व्यक्त की। वक्ताओं ने कहा कि डहरे टुसु परब केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि झारखंड की लोक अस्मिता, सांस्कृतिक पहचान और सामुदायिक एकता का प्रतीक है।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि इस आयोजन के माध्यम से झारखंड की समृद्ध लोक-संस्कृति, महिला सहभागिता और सामाजिक सौहार्द का सशक्त संदेश समाज तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही नई पीढ़ी को अपनी भाषा, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने पर विशेष बल दिया जाएगा। अंत में सभी ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि डहरे टुसु परब 2026 को भव्य, गरिमामय और ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य किया जाएगा।

Share This Article