+2 कक्षाएं बंद करने के आदेश से शिक्षकों में चिंता, वीमेंस कॉलेज के प्रतिनिधिमंडल ने कुणाल षाड़ंगी से की मुलाकात

जमशेदपुर, 20 दिसंबर : झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी से शनिवार को जमशेदपुर वीमेंस कॉलेज के +2 शिक्षकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान शिक्षकों ने केंद्र सरकार द्वारा नई शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत +2 कक्षाओं को बंद किए जाने संबंधी आदेश पर गहरी चिंता और असमंजस व्यक्त किया।
शिक्षकों ने बताया कि इस निर्णय से +2 कक्षाओं में अध्यापन कार्य कर रहे शिक्षकों का भविष्य अनिश्चित हो गया है। अब तक सरकार की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि +2 शिक्षकों की भूमिका आगे क्या होगी, उन्हें किस व्यवस्था में समाहित किया जाएगा अथवा उनके सेवा-शर्तों का क्या स्वरूप रहेगा। स्पष्ट दिशा-निर्देश के अभाव में शिक्षकों के बीच भय और मानसिक दबाव की स्थिति बनी हुई है।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि वर्षों से +2 स्तर पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहे शिक्षकों को इस नीति के कारण हाशिये पर धकेला जा रहा है। शिक्षकों ने इस मुद्दे पर शीघ्र हस्तक्षेप करते हुए सरकार से स्पष्ट नीति और ठोस समाधान निकालने की मांग की, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित रह सके।
मामले की गंभीरता को समझते हुए झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने शिक्षकों को भरोसा दिलाया कि वे इस विषय को गंभीरता से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि मंगलवार को वे शिक्षा मंत्री के सचिव से मुलाकात कर +2 कक्षाएं बंद करने के आदेश से उत्पन्न समस्याओं पर चर्चा करेंगे और शिक्षकों के हित में शीघ्र समाधान सुनिश्चित कराने का प्रयास करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षकों के साथ अन्याय नहीं होने देगी और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाएगी।



