आकांक्षी जिला पूर्वी सिंहभूम में शिक्षा, स्वास्थ्य व पोषण कार्यों की समीक्षा

भारत सरकार के संयुक्त सचिव महावीर प्रसाद ने विभिन्न संस्थानों का किया निरीक्षण
जमशेदपुर, 13 दिसंबर : भारत सरकार के संयुक्त सचिव एवं आकांक्षी जिला पूर्वी सिंहभूम के केन्द्रीय प्रभारी महावीर प्रसाद ने अपने तीन दिवसीय जिला प्रवास के दूसरे दिन शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़े कार्यक्रमों और संस्थानों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जमीनी स्तर पर बेहतर कार्यान्वयन पर बल देते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
संयुक्त सचिव ने साक्ची जेल चौक स्थित मॉडल वैक्सीनेशन सेंटर का निरीक्षण कर टीकाकरण सेवाओं की गुणवत्ता, पहुंच एवं उपयोगिता की जानकारी ली और सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के सुझाव दिए।
महिला विश्वविद्यालय, बिष्टुपुर परिसर में उन्होंने मिशन उत्थान के अंतर्गत पी.वी.टी.जी. सबर समुदाय पर किए गए सर्वे को लेकर छात्राओं से संवाद किया तथा सर्वे में शामिल 99 छात्राओं को इंटर्नशिप प्रमाण पत्र वितरित किए। जिला प्रशासन की ओर से दी गई प्रस्तुति में बताया गया कि जिले के सभी 11 प्रखंडों में 4000 सबर परिवारों सहित 11,576 लोगों को सर्वे में शामिल किया गया है। उपायुक्त ने बताया कि बेसलाइन सर्वे के आधार पर तीन माह में लक्षित सुधार सुनिश्चित किए जाएंगे।
इसके बाद संयुक्त सचिव ने आकांक्षी प्रखंड मुसाबनी के माटिगोड़ा पंचायत स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण किया, जहां गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, बच्चों के टीकाकरण एवं फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा की गई। वहीं नामोपाड़ा गांव के आंगनबाड़ी केंद्र में अन्नप्राशन व गोद भराई कार्यक्रम में सहभागिता कर पोषण जागरूकता का संदेश दिया।
पश्चिमी बादिया पंचायत स्थित शिवलाल प्रोजेक्ट हाई स्कूल में उन्होंने विद्यालय की प्रयोगशाला का निरीक्षण किया तथा खेल व पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। संयुक्त सचिव ने सेवा प्रदायगी में तेजी, समुदाय सहभागिता और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया।



