स्वदेशी जागरण मंच का चौथा जिला सम्मेलन संपन्न

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

स्वदेशी जागरण मंच का चौथा जिला सम्मेलन संपन्न

गम्हरिया, 07 दिसंबर : छोटा गम्हरिया स्थित सामुदायिक भवन में रविवार को स्वदेशी जागरण मंच, सरायकेला-खरसावां का चौथा जिला सम्मेलन उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। सम्मेलन में जिले के नौ प्रखंडों से लगभग 200 प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मंच के अखिल भारतीय सह पर्यावरण प्रमुख बंदे शंकर सिंह, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रांत प्रचार प्रमुख अमित मिश्रा तथा प्रांत विचार विभाग प्रमुख जटाशंकर पांडेय उपस्थित रहे। उद्घाटन सत्र का संचालन जिला पर्यावरण प्रमुख रश्मि साहू ने किया।

अपने संबोधन में अमित मिश्रा ने स्वदेशी आंदोलन के ऐतिहासिक स्वरूप और उसकी आज की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि स्वदेशी केवल आर्थिक अवधारणा नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की आत्मा है। मुख्य वक्ता बंदे शंकर सिंह ने स्वदेशी आधारित विकास मॉडल को गरीबी उन्मूलन, रोजगार सृजन और पर्यावरण संरक्षण का मजबूत आधार बताया। उन्होंने स्वदेशी उत्पादों, शिक्षा और कौशल विकास को बढ़ावा देने की बात कही।

इसके बाद प्रांत युवा प्रमुख पंकज सिंह ने स्वावलंबी भारत अभियान पर मार्गदर्शन दिया। जिला व्यवस्था प्रमुख मिथिलेश कुमार ने पंचप्रण—सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, स्वदेशी जीवनशैली और नागरिक कर्तव्य—पर विचार रखे।

सम्मेलन के अंतिम सत्र में संगठनात्मक विस्तार पर चर्चा हुई। विभाग संयोजक राज कुमार शाह ने नए दायित्व घोषित किए और आनंद सहदेव को जिला युवा प्रमुख नियुक्त किया। कार्यक्रम में अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Share This Article