ईचागढ़ सीओ ने किया चेकनाका का निरीक्षण, अवैध बालू खनन पर नियंत्रण को दिए कड़े निर्देश

ईचागढ़, 06 दिसंबर : ईचागढ़ के अंचल अधिकारी दीपक प्रसाद ने शनिवार को गौरांगकोचा ब्लॉक मोड़ और ईचागढ़ थाना क्षेत्र के समीप स्थापित चेकनाका का निरीक्षण किया। ये चेकनाका क्षेत्र में अवैध बालू खनन एवं उसके परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्थापित किए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान अंचल अधिकारी ने तैनात कर्मियों से वाहन जांच में पूर्ण सतर्कता बरतने और कागजातों के सही संधारण पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि संदिग्ध वाहनों की पहचान एवं रोकथाम के लिए लगातार निगरानी जरूरी है, जिससे अवैध खनन गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।
अंचल अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जांच व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कहीं भी अवैध खनन या परिवहन की सूचना मिलती है, तो संबंधित पर त्वरित और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कर्मियों को चौकसी बढ़ाने, रात्रि पाली में गश्ती को मजबूत करने तथा विभागीय समन्वय के माध्यम से अवैध गतिविधियों को रोकने पर जोर दिया।
अंचल अधिकारी के इस निरीक्षण से क्षेत्र में अवैध बालू परिवहन पर नियंत्रण को लेकर प्रशासन की गंभीरता साफ झलकती है।



