समाहरणालय परिसर में जन-सुविधाओं के विस्तार की तैयारी तेज, उपायुक्त ने किया विस्तृत स्थल निरीक्षण

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

समाहरणालय परिसर में जन-सुविधाओं के विस्तार की तैयारी तेज, उपायुक्त ने किया विस्तृत स्थल निरीक्षण

सरायकेला, 26 नवंबर : समाहरणालय परिसर में आमजन की सुविधाओं को सुदृढ़ और व्यवस्थित बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। उपायुक्त सरायकेला–खरसावाँ नितिश कुमार सिंह ने बुधवार को परिसर का विस्तृत स्थल अवलोकन कर संभावित विकास कार्यों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान दो-पहिया एवं चार-पहिया वाहन पार्किंग, आगंतुकों के लिए प्रस्तावित प्रतीक्षा कक्ष, पेयजल की व्यवस्था, कैंटीन, शौचालय सहित अन्य जन-उपयोगी सुविधाओं के लिए स्थलों का चिन्हांकन किया गया। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बेहतर, स्वच्छ एवं सुगठित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए चिन्हित स्थानों पर आवश्यक कार्य जल्द प्रारंभ किए जाएँ।

इस निरीक्षण में उप विकास आयुक्त सुश्री रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अंचल अधिकारी गम्हरिया प्रवीण कुमार सहित विभिन्न संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।

अवलोकन के बाद उपायुक्त ने समाहरणालय भवन के पीछे स्थित तालाब क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने तालाब की भौगोलिक स्थिति और संभावित पर्यटन एवं सौंदर्यीकरण की संभावनाओं को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को आगे की प्रक्रियात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रशासनिक स्तर पर किए जा रहे इस प्रयास से आने वाले दिनों में समाहरणालय आने वाले आम नागरिकों को अधिक बेहतर और सुलभ सुविधाएँ उपलब्ध होने की उम्मीद है।

Share This Article