नीमडीह के चातरमा पहुंची ‘जस्टिस ऑन व्हील्स’ वैन, दी कानूनी जानकारी

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

नीमडीह के चातरमा पहुंची ‘जस्टिस ऑन व्हील्स’ वैन, दी कानूनी जानकारी

नीमडीह, 05 दिसंबर : झालसा, रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सरायकेला द्वारा संचालित मोबाइल लोक अदालत की विशेष वैन शुक्रवार को नीमडीह प्रखंड के चातरमा पहुंची। वैन के माध्यम से जस्टिस ऑन व्हील्स मोबाइल लोक अदालत सह कानूनी जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

शिविर में टीम ने ग्रामीणों को उनके विधिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता, शिकायत निवारण प्रक्रिया तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। मोबाइल लोक अदालत ने स्थल पर मौजूद लोगों की समस्याओं को सुनते हुए कई मामलों के त्वरित निपटारे का भी प्रयास किया।

अधिवक्ता करमू स्वांसी ने कहा कि मोबाइल लोक अदालत का उद्देश्य न्याय को जनता की दहलीज तक पहुंचाना है ताकि दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले लोग भी निःशुल्क कानूनी सेवाओं का लाभ उठा सकें। वहीं पीएलवी शुभंकर महतो ने कहा कि हर नागरिक का यह अधिकार है कि वह कानून को समझे, अपने अधिकारों से परिचित हो और उचित मंच पर अपनी बात रख सके।

ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि कानूनी जानकारी और न्याय सेवाओं का उनके गांव तक पहुंचना अत्यंत सराहनीय कदम है। शिविर में कानूनी पुस्तिकाएं एवं जन जागरूकता पर्चियों का वितरण किया गया। इस अवसर पर पीएलवी/अधिकार मित्र स्नेहलता महतो, सुकरंजन कुमार, साधन महतो, अंबुज गोप तथा मुखिया दयमंती सिंह उपस्थित थे।

Share This Article