डांगडुंगा में अधूरा बहुउद्देश्यीय भवन : जांच कमिटी पहुंची, ग्रामीणों के आरोप सही पाए

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

डांगडुंगा में अधूरा बहुउद्देश्यीय भवन : जांच कमिटी पहुंची, ग्रामीणों के आरोप सही पाए

जमशेदपुर, 3 दिसंबर : बोड़ाम प्रखंड के डांगडुंगा गांव में अधूरे बहुउद्देश्यीय भवन के हैंडओवर को लेकर मचे विवाद के बाद जिला प्रशासन द्वारा गठित जांच समिति बुधवार को गांव पहुंची। जांच बारहा दिशोम जाहेर कमिटी चिरूघुटु के सदस्यों की उपस्थिति में की गई। कमिटी के अध्यक्ष जयपाल मुर्मू ने ग्रामीणों की ओर से निर्माण से जुड़ी सभी समस्याओं को स्पष्ट रूप से टीम के समक्ष रखा।

ग्रामीणों ने बताया कि करोड़ों की लागत से स्वीकृत भवन में खिड़कियों में ग्रिल नहीं लगी है, दरवाजे नहीं लगाए गए हैं, पानी की टंकी नहीं है और सोलर लाइट जैसी मूलभूत सुविधाएं भी नहीं हैं, फिर भी भवन का हैंडओवर कर दिया गया। इससे ग्रामीणों में गहरी नाराजगी है।

जांच टीम ने पूरे भवन का निरीक्षण कर ग्रामीणों के आरोपों को सही पाया। कमिटी ने माना कि भवन की स्थिति अधूरी है और इसे उपयोग योग्य नहीं माना जा सकता। समिति ने आश्वासन दिया कि विस्तृत रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी जाएगी तथा सभी अधूरे कार्य शीघ्र पूरे कराए जाएंगे।

मामला तब प्रकाश में आया जब सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ता दीपक रंजीत ने भवन की वास्तविक स्थिति की जानकारी साझा करते हुए डीसी ईस्ट सिंहभूम को टैग किया। शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए डीसी ने परियोजना निदेशक ITDA को तत्काल जांच के आदेश दिए।

जांच के बाद ग्रामीणों में आशा जगी है कि प्रशासनिक हस्तक्षेप से अधूरे कार्य जल्द पूरे होंगे और यह भवन सामुदायिक कार्यक्रमों, सांस्कृतिक गतिविधियों तथा जन-उपयोग के लिए पूरी तरह उपलब्ध हो सकेगा।

Share This Article