घीभांगा सबर टोला पहुँचे उपायुक्त, पेयजल–बिजली–नेटवर्क समस्या के समाधान का दिया निर्देश

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

घीभांगा सबर टोला पहुँचे उपायुक्त, पेयजल–बिजली–नेटवर्क समस्या के समाधान का दिया निर्देश

जमशेदपुर, 01 दिसंबर : पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने मंगलवार को क्षेत्र निरीक्षण के क्रम में मुसाबनी प्रखंड स्थित घीभांगा सबर टोला का दौरा किया। उपायुक्त ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और सरकारी योजनाओं की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली।

ग्रामीणों ने उपायुक्त का ध्यान मुख्य रूप से पेयजल संकट, कमजोर मोबाइल नेटवर्क और अनियमित बिजली आपूर्ति की ओर आकर्षित किया। जीविकोपार्जन से जुड़ी चुनौतियों की भी जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि कई परिवारों को स्थानीय रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल पा रहे हैं। उपायुक्त ने मनरेगा, आजीविका मिशन, राशन, पेंशन और आवास जैसी योजनाओं के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की और लाभुकों से उनकी स्थिति जानी।

समस्याओं के समाधान को लेकर उपायुक्त ने संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने पेयजल संकट दूर करने के लिए वैकल्पिक जलस्रोतों की पहचान, खराब चापाकलों की मरम्मत, मोबाइल नेटवर्क सुधार के लिए दूरसंचार कंपनियों से समन्वय तथा बिजली आपूर्ति बेहतर करने के लिए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने को कहा। आजीविका बढ़ाने के लिए ग्रामसभा और आजीविका समूहों के साथ मिलकर कार्ययोजना तैयार करने पर भी बल दिया।

उपायुक्त ने कहा कि सबर समुदाय जैसे वंचित व संवेदनशील वर्गों तक सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर पहुँचना प्रशासन की सर्वोच्च प्रतिबद्धता है। उन्होंने सभी विभागों को समन्वयित तरीके से कार्य कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान अंचल अधिकारी-सह प्रभारी बीडीओ पवन कुमार सहित प्रखंड स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article