शिकायतों का अंबार, फिर अचानक हुई कार्रवाई… आखिर क्यों हटाए गए थानेदार?
रांची, 22 मई : जिले के तमाड़ थाना में एक बार फिर पुलिस प्रशासन की कार्यशैली सवालों के घेरे में आ गई है। लगातार मिल रही शिकायतों और विभागीय असंतोष के बीच शुक्रवार को तमाड़ थाना प्रभारी प्रवीण मोदी पर आखिरकार गाज गिर गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ समय से थाना क्षेत्र में कई मामलों के निष्पादन में सुस्ती, शिकायतों के निपटारे में लापरवाही और प्रशासनिक नियंत्रण कमजोर होने की बातें सामने आ रही थीं। स्थानीय स्तर पर बढ़ती नाराजगी की रिपोर्ट भी लगातार उच्च अधिकारियों तक पहुंच रही थी। बताया जा रहा है कि विभागीय समीक्षा के दौरान कई बिंदुओं पर उनकी कार्यशैली संतोषजनक नहीं पाई गई, जिसके बाद यह सख्त कदम उठाया गया। तमाड़ थाना पहले भी विवादों के कारण चर्चा में रह चुका है। इससे पूर्व यहां पदस्थापित तत्कालीन थाना प्रभारी रोशन कुमार को भी निलंबन का सामना करना पड़ा था। उनके बाद प्रवीण मोदी को जिम्मेदारी सौंपी गई थी, लेकिन हालात में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका। पुलिस महकमे में इस कार्रवाई को सिर्फ एक सस्पेंशन नहीं, बल्कि अनुशासन और जवाबदेही का स्पष्ट संदेश माना जा रहा है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि पुलिसिंग में लापरवाही को अब किसी भी स्तर पर नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। वहीं, तमाड़ थाना के लिए नए प्रभारी की तलाश भी शुरू कर दी गई है। इधर, इलाके में इस कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। लोग इसे प्रशासन की सख्ती और पुलिस व्यवस्था में सुधार की कोशिश के रूप में देख रहे हैं।