अब धूप में नहीं तपेंगे ट्रैफिक जवान, सरायकेला पुलिस ला रही ‘कूलर जैकेट’ व्यवस्था
सरायकेला, 22मई : सरायकेला-खरसावां जिले में भीषण गर्मी के बीच सड़क पर घंटों ड्यूटी करने वाले यातायात पुलिसकर्मियों को राहत देने की दिशा में जिला पुलिस ने एक नई पहल शुरू की है। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने ट्रैफिक जवानों के लिए कूलर जैकेट उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है, ताकि चिलचिलाती धूप और लू के बीच ड्यूटी कर रहे जवानों को गर्मी से बचाया जा सके।
जानकारी के अनुसार शुरुआत में ट्रायल के तौर पर चार कूलर जैकेट मंगाई जा रही हैं। प्रत्येक जैकेट की कीमत लगभग चार हजार रुपये बताई जा रही है। यदि यह प्रयोग सफल रहा तो आने वाले दिनों में जिले के अधिक यातायात पुलिसकर्मियों को भी यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से जिले में तापमान लगातार बढ़ रहा है। ट्रैफिक पुलिसकर्मी व्यस्त चौक-चौराहों पर घंटों खड़े रहकर यातायात व्यवस्था संभालते हैं। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण कई जवान डिहाइड्रेशन और थकावट की समस्या से जूझ रहे हैं। ऐसे में कूलर जैकेट को पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता और स्वास्थ्य सुरक्षा से जोड़कर देखा जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि यह जैकेट शरीर के तापमान को संतुलित रखने में मदद करेगी, जिससे जवानों को लू और अत्यधिक गर्मी से राहत मिलेगी। साथ ही ड्यूटी के दौरान उनकी एकाग्रता और कार्यक्षमता भी बेहतर बनी रहेगी।
गर्मी के मौसम में पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की यह पहल अब जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है।