जिला प्रशासन की पहल पर तीन जेलों को मिली नई एंबुलेंस

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जिला प्रशासन की पहल पर तीन जेलों को मिली नई एंबुलेंस

यूसीआईएल ने सीएसआर मद से उपलब्ध कराईं वाहन, उपायुक्त ने की हरी झंडी

जमशेदपुर, 29 नवंबर : जिला प्रशासन की पहल पर यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसीआईएल) ने सीएसआर मद से जिले की तीन जेल घाघीडीह मंडल कारा, साकची जेल और घाटशिला जेल को एंबुलेंस उपलब्ध कराई है। शनिवार को समाहरणालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने तीनों एंबुलेंसों की चाबियां संबंधित जेल प्रभारियों को सौंपते हुए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

उपायुक्त ने कहा कि कैदियों की स्वास्थ्य आपात स्थितियां संवेदनशील विषय हैं और समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। कई बार गंभीर स्थिति में कैदियों को एमजीएम अस्पताल या रांची रेफर करना पड़ता है, ऐसे में एंबुलेंस की तत्काल उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है। नई एंबुलेंस मिलने से उपचार में देरी कम होगी और जेल प्रशासन की प्रतिक्रिया क्षमता बढ़ेगी।

उन्होंने यूसीआईएल प्रबंधन के प्रति धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग न केवल प्रशासनिक रूप से उपयोगी है, बल्कि मानवीय संवेदना से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम भी है। एंबुलेंसों के माध्यम से तीनों जेलों में कैदियों को आपात स्वास्थ्य सेवाएँ अब अधिक तेजी और व्यवस्थित तरीके से उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

जिला प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि इस सुविधा से जेलों की स्वास्थ्य व्यवस्था और मजबूत होगी तथा आपात स्थितियों से निपटने की क्षमता में उल्लेखनीय सुधार आएगा।

Share This Article