जनवरी में होगा प्रथम पूर्वी सिंहभूम साहित्य उत्सव, गोपाल मैदान में होने वाले आयोजन की तैयारी तेज

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जनवरी में होगा प्रथम पूर्वी सिंहभूम साहित्य उत्सव, गोपाल मैदान में होने वाले आयोजन की तैयारी तेज

जमशेदपुर, 29 नवंबर : पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन द्वारा 9, 10 और 11 जनवरी 2026 को जिले का पहला पूर्वी सिंहभूम साहित्य उत्सव आयोजित किया जाएगा। गोपाल मैदान में प्रस्तावित तीन दिवसीय साहित्य उत्सव की तैयारियों को लेकर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में उपायुक्त ने कहा कि साहित्य उत्सव जिले के सांस्कृतिक और बौद्धिक वातावरण को नई दिशा देगा। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों से अधिक से अधिक साहित्य प्रेमियों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा, ताकि कार्यक्रम का लाभ केवल शहर तक सीमित न रहे, बल्कि पूरे जिले में साहित्य के प्रति रुचि बढ़े।

बैठक के दौरान स्टॉल व्यवस्था, साहित्यकारों की भागीदारी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, पुस्तक प्रदर्शनी, अतिथियों के स्वागत एवं समन्वय सहित विभिन्न व्यवस्थागत पहलुओं पर विस्तृत चर्चा हुई। उपायुक्त ने विभागों को तय समयसीमा में तैयारी पूरी करने और संबंधित समितियों का गठन करते हुए समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि यह उत्सव साहित्यकारों, लेखकों, पाठकों और युवाओं के लिए एक साझा मंच के रूप में कार्य करेगा, जहाँ साहित्यिक संवाद, चर्चा और नई अभिरुचियों को विकसित करने का अवसर प्राप्त होगा। जिला प्रशासन ने तैयारी कार्य को गति देते हुए इसे सफल और आकर्षक बनाने के लिए सभी स्तरों पर प्रयास तेज कर दिए हैं।

Share This Article