चांडिल : होटल 10th Mile Stone में गोली मारकर जमशेदपुर के कारोबारी की हत्या

Manbhum Updates
2 Min Read

चांडिल : होटल 10th Mile Stone में गोली मारकर जमशेदपुर के कारोबारी की हत्या

चांडिल, 24 अगस्त : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा रांची नेशनल हाईवे पर आसनबनी स्थित होटल 10th Miles Stone में सोमवार दोपहर हुई गोलीबारी की घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कदमा के विजय हेरिटेज निवासी व्यापारी निखार सबलोक होटल में बैठकर चाय पी रहे थे। चाय पीने के बाद जैसे ही वह होटल से बाहर निकलने लगे, तभी पीछे से आए एक अपराधी ने उन पर अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि चार लोग एक साथ मृतक के पीछे पीछे निकले थे, जिसमें से एक व्यक्ति ने घटना को अंजाम दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर ने करीब नौ राउंड फायरिंग की।

गोलीबारी में निखार सबलोक गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि सात गोलियां उन्हें लगीं, जबकि दो बुलेट मिसफायर हुईं। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव प्रकाश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से खोखे और गोलियां भी बरामद की गई हैं।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। हमलावर की पहचान और हत्या के पीछे के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस अपराधी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी और जांच में जुटी है।

Share This Article