‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ के चौथे दिन जिलेभर में लगे विशेष शिविर, 15 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त

MANBHUM UPDATES
4 Min Read

‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ के चौथे दिन जिलेभर में लगे विशेष शिविर, 15 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त

सरायकेला/चांडिल, 25 नवंबर : जिले में चल रहे ‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ के चौथे दिन मंगलवार को 19 ग्राम-पंचायतों तथा नगर निकाय क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में विशेष शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में ग्रामीणों की बड़ी संख्या में उपस्थिति देखी गई। लोग उत्साहपूर्वक विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं से संबंधित आवेदन जमा कर रहे हैं। जिला प्रशासन के अनुसार अब तक जिलेभर में 15,000 से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।

उपायुक्त सरायकेला–खरसावाँ ने सभी विभागीय अधिकारियों, बीडीओ एवं सीओ को निर्देश दिया है कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके।

कई प्रखंडों में लगे शिविर

मंगलवार को आयोजित शिविर सरायकेला प्रखंड के पांडरा और मुंडाटांड, खरसावाँ प्रखंड के सिमला और चिलकू, कुचाई के बन्दोंलोहार, राजनगर के गम्हरिया और जुमाल, गम्हरिया प्रखंड के बिरबांस, दुगनी व टेंटोपोशी, चांडिल प्रखंड के चौका, चावलीबासा और खूंटी, ईचागढ़ प्रखंड के देवलटांड और नदीसाई, नीमडीह प्रखंड के लुपुंगडीह व बडेदा तथा कुकड़ू प्रखंड के लेटमदा और ओड़िया पंचायत में लगे। नगर निकाय क्षेत्र के कई वार्डों में भी नागरिकों की समस्याएँ सुनने और आवेदनों की स्वीकृति के लिए स्टॉल लगाए गए।

विविध सेवाओं के लिए आवेदन

शिविरों में आय, जाति, आवासीय, जन्म–मृत्यु प्रमाण पत्र, दाखिल–खारिज, राशन कार्ड, भूमि धारण प्रमाण पत्र, भूमि मापी, दिव्यांग, विधवा एवं वृद्धा पेंशन सहित कई सरकारी सेवाओं के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। साथ ही झारखंड राज्य सेवा गारंटी अधिनियम, 2011 के अंतर्गत उपलब्ध सेवाओं से जुड़ी दिक्कतों का भी समाधान किया जा रहा है।

SHG एवं क्लस्टर सदस्यों के बीच आईडी कार्ड का वितरण भी किया गया।

 

बाड़ेदा शिविर में पहुँची ईचागढ़ की विधायक

नीमडीह प्रखंड के पंचायत भवन बाडेदा में आयोजित पंचायत स्तरीय शिविर में ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की माननीया विधायक श्रीमती सविता महतो उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान सरल, पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से करना है, ताकि लोगों को विभागों के चक्कर न लगाने पड़ें।

विधायक ने ग्रामीणों से अपील की कि वे योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्राप्त करें, पात्रता के अनुसार आवेदन जमा करें और आसपास के वंचित परिवारों को भी शिविरों में भाग लेने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी कार्यक्रम तभी सफल होते हैं, जब समाज का हर व्यक्ति इनसे लाभान्वित हो।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं के तहत चयनित लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया और लाभुकों को योजनाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी भी प्रदान की।

जिला प्रशासन ने बताया कि 21 से 29 नवंबर तक चलने वाला यह अभियान लगातार सकारात्मक परिणाम दे रहा है और जिलेवासियों की सक्रिय भागीदारी जारी है।

Share This Article