श्रीडूंगरी में ईचागढ़ के पूर्व विधायक दिवंगत साधु दा को भाजपाइयों ने अर्पित की भावपूर्ण श्रद्धांजलि

आदित्यपुर, 23 नवंबर : श्रीडूंगरी बस्ती में रविवार को ईचागढ़ के दिवंगत भाजपा विधायक साधु चरण महतो की पांचवीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू तथा जमशेदपुर के सांसद विद्युतवरण महतो विशेष तौर पर शामिल हुए।
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि साधु चरण महतो जनहित को सर्वोपरि रखने वाले निर्भीक और संघर्षशील नेता थे। उन्होंने कहा, “साधु बाबू ने अपने जीवनकाल में संगठन और समाज के बीच एक सेतु की भूमिका निभाई। उनकी प्रतिबद्धता और सहज व्यवहार को लोग आज भी याद करते हैं।”
साहू ने बिहार में नई एनडीए सरकार के गठन पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने जातीय समीकरण के ऊपर विकास को प्राथमिकता दी है और इसी विश्वास के साथ एनडीए को सत्ता सौंपी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अब अधूरे पड़े विकास कार्य तेज गति से आगे बढ़ेंगे।
घाटशिला उपचुनाव को लेकर उन्होंने विपक्षी दलों पर प्रशासनिक दबाव का दुरुपयोग करने का आरोप भी लगाया। उनके अनुसार, “चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद भी सत्तापक्ष के लोग क्षेत्र में डटे रहे और प्रशासनिक मशीनरी का गलत इस्तेमाल किया गया।”
पुण्यतिथि समारोह में पूर्व मंत्री शैलेन्द्र कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय सिंहदेव, जिला महामंत्री मधुसूदन गोराई, वरिष्ठ भाजपा नेता पप्पू वर्मा, उपाध्यक्ष राकेश मिश्रा, चांडिल मंडल अध्यक्ष प्रभात पोद्दार, चांडिल प्रभारी प्रमुख रामकृष्ण महतो, मंडल अध्यक्ष देवेश महापात्रा, पूर्व अध्यक्ष बीरेंद्र सिंह, वरिष्ठ नेता रमेश हांसदा, दिवंगत साधु चरण महतो की पत्नी सारथी महतो, विजय कुमार सिंह, अशोक सिंह, विशु महतो समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान साधु चरण महतो के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके सामाजिक व राजनीतिक योगदान को याद किया गया।



