जमशेदपुर, 14 मई : मानगो शहरी जलापूर्ति योजना फेज-2, पार्ट-B के लंबे समय से लंबित कार्य को अब नई गति मिलने जा रही है। मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता की पहल और लगातार प्रयासों के बाद एनएच-33 के राइट ऑफ वे (ROW) क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने के लिए अंतिम रूट निर्धारण की दिशा में आ रही बाधाएं लगभग समाप्त हो गई हैं।
मेयर सुधा गुप्ता ने दावा किया है कि मानगो की जनता से किया गया वादा अब जल्द पूरा होगा और जलापूर्ति योजना धरातल पर पूरी तरह साकार होगी। उन्होंने कहा कि योजना में उत्पन्न तकनीकी एवं प्रशासनिक अड़चनों को दूर करने के लिए लगातार अधिकारियों के साथ बैठकें और स्थलीय निरीक्षण किए गए।
जानकारी के अनुसार, 26 मार्च को बालीगुमा क्षेत्र का दौरा कर स्थल निरीक्षण किया गया था। इसके बाद 13 अप्रैल को जयपाल कॉलोनी के निवासियों के साथ बैठक कर वैकल्पिक स्थल चयन पर चर्चा की गई। 17 अप्रैल को इस संबंध में बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव लाया गया, जबकि 22 अप्रैल को NHAI, PHED, मानगो नगर निगम एवं संवेदक के साथ संयुक्त बैठक कर आवश्यक सहमति बनाई गई, ताकि एनओसी की प्रक्रिया आगे बढ़ सके। इसके बाद 8 मई को कार्यपालक अभियंता सुमित कुमार ने पत्रांक-641 के माध्यम से जीएम (टी)-कम-प्रोजेक्ट डायरेक्टर को अंतिम रूट निर्धारण के लिए पत्र भेजा। वहीं मेयर सुधा गुप्ता ने भी कार्यपालक अभियंता को पत्र लिखकर वैकल्पिक पाइपलाइन रूट निर्धारण का कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।
NHAI की ओर से जारी पत्रांक भाराराप्रा/पकाई/रांची/33/2026/089 में स्पष्ट किया गया कि डिमना नाला के समीप एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना के निर्माण कार्य के कारण पूर्व निर्धारित पाइपलाइन कार्य प्रभावित होगा। ऐसे में वैकल्पिक व्यवस्था के लिए स्वीकृति प्रदान की गई।
13 मई को रांची से आई NHAI की टीम ने मौके पर पहुंचकर मैप और नक्शा तैयार करने का कार्य पूरा किया। वहीं PHED द्वारा फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार कर कार्यपालक अभियंता को सौंप दी गई है। मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि योजना पूरी होने के बाद मानगो क्षेत्र की हजारों आबादी को नियमित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।