राजनगर में दो दुकानों पर एक ही रात धावा, नकदी उड़ाकर फरार हुए चोर—ग्रामीणों में दहशत

राजनगर, 23 नवंबर : प्रखंड के महेशकुदर गांव में देर रात चोरों ने बेखौफ वारदात को अंजाम देते हुए साथ स्थित दो दुकानों को निशाना बनाया। सुबह दुकानों का ताला टूटा और सामान बिखरा देखने के बाद इसकी जानकारी ग्रामीणों को हुई। घटना की सूचना थाना पुलिस को दे दी गई है।
घटना में सबसे पहले सपना जनरल स्टोर को चोरों ने अपना शिकार बनाया। दुकान के पीछे लगे एजबेस्टार शीट को तोड़कर अंदर घुसे बदमाश करीब 37 हजार रुपये नकद और लगभग 1,500 रुपये के सीखा सामान चुरा ले गए। दुकान संचालक भवेश चंद्र दास के मुताबिक, काउंटर से लेकर रैक तक सब कुछ अस्त-व्यस्त मिला, जिससे साफ है कि चोरों ने पूरी तसल्ली से खोजबीन की।
इसके बाद चोरों ने बगल की दुकान गुरु कृपा डिजिटल सेवा CSC केंद्र में भी सेंध लगा दी। केंद्र के संचालक अश्वनी कुमार प्रधान और ऑपरेटर विश्वजीत प्रधान ने बताया कि काउंटर में रखे 35 हजार रुपये गायब मिले। दोनों दुकानों में सेंधमारी का तरीका और समय एक जैसा होने के कारण माना जा रहा है कि वारदात एक ही गैंग ने अंजाम दी है।
गांव में एक रात दो दुकानों पर चोरी की घटना ने लोगों को चिंतित कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि दुकानों के एकदम पास होने और देर रात सन्नाटा होने के बावजूद चोरों का इस तरह बेखौफ घूमना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि रात में गश्त को मजबूत किए बिना ऐसी घटनाएँ रुकना मुश्किल है।



