मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की बनीं किसानों और आम जनता की आवाज़, जनता दरबार में समस्याएँ सुनकर की त्वरित कार्रवाई

रांची, 21 अगस्त : कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में आयोजित जनता दरबार में आज कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने आम जनता की समस्याएँ सुनीं और उनके समाधान की दिशा में सराहनीय पहल की। मंत्री तिर्की ने मौके पर ही कई आवेदनों का त्वरित निष्पादन कराया, जबकि कुछ मामलों में संबंधित अधिकारियों को फोन पर निर्देश दिए। वहीं, कुछ जटिल मामलों का समाधान विभागीय पत्राचार के माध्यम से किया जाएगा।

मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर एक जरूरतमंद तक पहुँचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने जनता की जागरूकता को बढ़ाने और योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया को सरल बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस दिशा में विभागीय अधिकारियों की अहम जिम्मेदारी होगी।
राज्य में अतिवृष्टि के बाद यूरिया की बढ़ती मांग और कालाबाजारी पर चिंता जताते हुए मंत्री ने बताया कि मांग के अनुरूप पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर केंद्रीय कृषि मंत्री से पत्राचार किया गया है। साथ ही कालाबाजारी रोकने के लिए सख्त कदम उठाए गए हैं।
मंत्री तिर्की ने स्पष्ट किया कि कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग किसानों की खुशहाली और राज्य की आर्थिक समृद्धि के लिए हर संभव सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है। उनकी इस सक्रियता और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए लोगों ने उन्हें किसानों और आम जनता की सच्ची आवाज़ करार दिया।



