युवाओं के व्यक्तित्व और नेतृत्व विकास का प्रमुख केंद्र बनेगा सेवा एवं प्रशिक्षण प्रकल्प भवन : राज्यपाल

चांडिल, 19 नवंबर : विवेकानंद केंद्र सेवा एवं प्रशिक्षण प्रकल्प भवन का लोकार्पण केंद्र के मार्गदर्शक स्वर्गीय एकनाथ रानाडे की जयंती साधना दिवस पर बुधवार को राज्यपाल संतोष गंगवार ने किया। बिहार व झारखंड के विवेकानंद केंद्र सेवा एवं प्रशिक्षण प्रकल्प का मुख्य भवन के लोकार्पण के अवसर पर बड़ी संख्या में आम व खास शामिल हुए। मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में ईचागढ़ की विधायक सविता महतो, सीसीएल के महाप्रबंधक सिद्धार्थ शंकर लाल, केंद्र के अखिल भारतीय कोषाध्यक्ष प्रवीण दाभोलकर, बिहार – झारखंड के सह प्रांत संचालक डा शिव शंकर प्रसाद आदि उपस्थित थे।
भवन का लोकार्पण करने के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि विवेकानंद केंद्र सेवा एवं प्रशिक्षण प्रकल्प भवन ईंट पत्थरों का ढांचा नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार और समर्पण की भावना से निर्मित एक जीवंत प्रतीक है। ये वो स्थल है जहां से समाज की परिवर्तन की धारा तैयार होती है। अपेक्षा है कि चांडिल का सेवा भवन युवाअों के व्यक्तित्व और नेतृत्व विकास का प्रमुख केंद्र बनेगा और राष्ट्र के लिए समर्पित युवाओं का निर्माण करेगा।
उन्होंने कहा कि झारखंड की धरती समृद्ध जनजातीय संस्कृतिक की धरोहर है। उनका प्रकृति प्रेम और सामुदायिक जीवन हमारी पूंजी है। इस विरासत को आधुनिक शिक्षा और कौशल से जोड़ना आवश्यक है। इस कार्य में चांडिल का प्रकल्प भवन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने युवा शक्ति से कहा कि अापमें वो शक्ति है जो असंभव को संभव कर सकती है। आधुनिक शिक्षा अपनाएं, तकनीक का सकारात्मक उपयोग करे, अपनी संस्कृति, परंपरा और जड़ों से सदा जुड़े रहे।

राज्यपाल ने कहा कि युवाओं के प्रेरणास्त्रोत स्वामी विवेकानंद ने सेवा को सर्वोच्च साधना माना। प्रसन्नता है कि विववेकानंद केंद्र उसी प्रेरणा को लेकर आगे बढ़ रहा है। जहां धर्म केवल पूजा पद्धतियों को लेकर सिमित नहीं है बल्कि कर्तव्य, अनुसासन, परोपकार और मानवता के विकास का विस्तृत स्वरूप है। उन्होंने कहा कि हमारी जड़े वेद, उपनिषद और शाश्वत ज्ञान पर आधारित रही हैं, जिनका उद्देश्य व्यक्तिगत उत्थान तक सिमित न रहकर समग्र समाज और विश्व का कल्याण रहा है।
कार्यक्रम के दौरान विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी के अखिल भारतीय उपाध्यक्ष पद्मश्री निवेदिता भीड़े द्वारा लिखित पुस्तक इंडियन कल्चर का हिंदी अनुवाद भारतीय संस्कृति नामक पुस्तक का विमाचन किया गया। राज्यपाल और उपस्थित अन्य अतिथियों ने सामूहिक रूप से पुस्तक का विमोचन किया। लोकार्पण समारोह को ईचागढ़ की विधायक सविता महतो, सीसीएल के महाप्रबंधक सिद्धार्थ शंकर लाल, केंद्र के अखिल भारतीय कोषाध्यक्ष प्रवीण दाभोलकर, बिहार – झारखंड के सह प्रांत संचालक डा शिव शंकर प्रसाद आदि ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन विजय सिन्हा ने किया।



