स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न

सरायकेला, 17 नवंबर : उपायुक्त–सह–जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिविल सर्जन, एसीएमओ, डीआरसीएचओ, सभी एमओआईसी व अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

उपायुक्त ने जिला अस्पताल से लेकर प्रखंड व उप–स्वास्थ्य केंद्रों तक दी जा रही सेवाओं की गहन समीक्षा की और उपलब्ध मानवबल व उपकरणों के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने टीकाकरण, मातृ–शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम, पोषण अभियान और रोग नियंत्रण कार्यक्रमों की प्रगति को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि धीमी प्रगति वाले केंद्रों के लिए एमओआईसी विशेष कार्ययोजना बनाएं, अन्यथा लापरवाही की स्थिति में कार्रवाई होगी। उप–केंद्रों के लोक-प्रदर्शन सूचकांक में सुधार, निजी नर्सिंग होम से टीकाकरण के आंकड़े एकत्र करने, गर्भवती महिलाओं की ANC से लेकर प्रसव तक सतत ट्रैकिंग तथा कम वजन वाले नवजातों को समय पर SNCU भेजने पर विशेष बल दिया गया।

उपायुक्त ने अस्पतालों में स्वच्छता, उपकरणों की जांच, ओपीडी व आपात सेवाओं की समयबद्धता सुनिश्चित करने की आवश्यकता दोहराई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाएँ संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ लागू हों, ताकि आमजन को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएँ मिल सकें।

Share This Article