आकांक्षी प्रखंडों की समीक्षा बैठक सम्पन्न, उपायुक्त ने गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन और समयबद्ध लक्ष्य प्राप्ति के दिए निर्देश

सरायकेला, 13 नवंबर : उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में आकांक्षी प्रखंड सरायकेला, गम्हरिया और कुकड़ू के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में उपविकास आयुक्त रीना हांसदा, DRDA निदेशक डॉ. अजय तिर्की सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण सहित प्रमुख क्षेत्रों के Key Performance Indicators (KPIs) की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी विभागों को समन्वय स्थापित कर योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों और विद्यालयों का नियमित निरीक्षण, सुविधाओं का भौतिक सत्यापन तथा आवश्यक सुधारात्मक कदम तुरंत उठाने को कहा। साथ ही प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं की अद्यतन जानकारी निर्धारित पोर्टल पर समय पर अपलोड की जाए और दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।



