मरीन ड्राइव पर गैस टैंकर से रिसाव, मची अफरा-तफरी – एहतियातन सड़क पर आवागमन रोका गया

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

मरीन ड्राइव पर गैस टैंकर से रिसाव, मची अफरा-तफरी – एहतियातन सड़क पर आवागमन रोका गया

जमशेदपुर, 09 सितंबर : साकची से आदित्यपुर जाने वाले मरीन ड्राइव पर बुधवार को गैस टैंकर से रिसाव होने की सूचना से अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल एहतियाती कदम उठाते हुए आसपास के इलाके को खाली कराया और मरीन ड्राइव के संबंधित हिस्से में वाहनों की आवाजाही रोक दी। करीब एक घंटे तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा।

बताया गया कि गैस टैंकर मरीन ड्राइव के रास्ते गुजर रहा था। इसी दौरान किसी बड़े वाहन ने टैंकर के एक हिस्से में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद टैंकर से गैस का रिसाव शुरू हो गया। रिसाव की सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित टीम मौके पर पहुंची तथा सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के क्षेत्र को खाली कराया गया।

घटना के कारण मरीन ड्राइव पर कुछ समय के लिए वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस और संबंधित टीमों ने स्थिति को नियंत्रित करने के साथ ही टैंकर को सुरक्षित तरीके से सड़क से हटाने की कवायद शुरू की। काफी मशक्कत के बाद टैंकर को सड़क से हटा लिया गया, जिसके बाद मरीन ड्राइव पर वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी।

घटना को लेकर सोनारी थाना प्रभारी मधुसूदन डे ने बताया कि टैंकर चालक के अनुसार किसी बड़े वाहन की टक्कर के बाद गैस का रिसाव शुरू हुआ था। सुरक्षा को देखते हुए तत्काल यातायात रोका गया और आवश्यक सावधानियां बरती गईं।

Share This Article