“प्रहरी” पहल के तहत सरायकेला-खरसावां पुलिस की पैदल गश्ती, अपराध पर नकेल कसने की पहल

सरायकेला, 11 अक्टूबर : जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपराध पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सरायकेला-खरसावां पुलिस ने “प्रहरी” पहल के तहत व्यापक पैदल गश्ती अभियान चलाया।
पुलिस अधीक्षक सरायकेला-खरसावां के निर्देश पर यह अभियान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला/चांडिल के नेतृत्व में संचालित किया गया। इस दौरान जिले के सभी अंचल निरीक्षक और थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ सड़क पर उतरे और नशाखोरी, अड्डेबाजी, छेड़खानी, अवैध पार्किंग तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों पर निगरानी रखी।
पैदल गश्ती के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली गई और असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों और राहगीरों से भी संवाद स्थापित कर शांति-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
अभियान के तहत मुख्य बाजारों, बस स्टैंड, चौक-चौराहों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि “प्रहरी” पहल का उद्देश्य नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना और अपराध पर त्वरित नियंत्रण सुनिश्चित करना है।
जिला पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे ताकि असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी बनी रहे और आमजन निश्चिंत होकर अपने दैनिक कार्य कर सकें।



