दुर्गोत्सव शुरू लेकिन ना हुई चौका-कांड्रा सड़क की मरम्मत ना जल रही स्ट्रीट लाइट

चांडिल, 26 सितंबर : चौका-कांड्रा टोल रोड़ पर लाखों रूपये खर्च कर स्ट्रीट लाइट लगाई गई है। सड़क पर टोल का भ्गतान कर आवागमन करने वाले राहगीरों को किसी प्रकार की दिक्कत ना हो इसके लिए जगह-जगह स्ट्रीट लाइट लगाई गई है। लेकिन बीते लगभग तीन साल से सड़क पर लगाई गई स्ट्री लाइट सफेद हाथी साबित हो रही है। रात के वक्त सड़क अंधेरे में डूब जाता है। खराब स्ट्रीट लाइट राहगीरों के लिए परेशानी और जोखिम का कारण बन रही है। सड़क पर अंधेरा होने के कारण वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। वहीं चौका से खूंटी घाटी तक उक्त टोल रोड़ अपनी बदहाली का आंसू बहा रही है। सड़क पर बने अनगिनत छोटे-बड़े गड्ढे वाहन चालकों के साथ अन्य राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बन गया है।

एनएच पर भी बंद रहती आधी लाइट
टाटा-रांची नेशनल हाईवे पर भी सभी स्ट्रीट लाइटें नहीं जलाई जा रही है। इस टोल रोड़ पर टाटा से रांची की ओर जाने के दौरान मुख्य सड़क पर लगी आधी लाइटें नहीं जलती हैं। ऐसे में राहगीरों को काफी परेशानी हो रही है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। स्ट्रीट लाइटों को जलाने के लिए कई बार मांग किया गया, लेकिन संबंधित अधिकारियों ने इस दिशा में किसी प्रकार की रूचि नहीं दिखाई। उक्त सड़क पर सर्विस लेन के प्रारंभ होने वाले स्थान पर कई बार दुर्घटना घट चुकी हैं। अबतक दो लोगों की मौत भी हो चुकी हैं। लेकिन उक्त स्थान पर सुरक्षा को लेकर किसी प्रकार का इंतजाम नहीं किया गया है। उक्त स्थान पर अंधेरे के कारण वाहनों की टक्कर और पैदल चलने वालों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बनी रहती है।
जिले के उपायुक्त दे चुके हैं निर्देश
आने वाले पर्व-त्योहारों को देखते हुए सरायकेला-खरसावां जिले के उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों को सड़क, बिजली, पेयजल समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का निर्देश दे चुके हैं। इस संबंध में जिला मुख्यालय में आहूत बैठक में उन्होंनं दुर्गोत्सव और विजयादशमी के पूर्व खराब सड़कों की मरम्मत कर उसे दुरुस्त करने के साथ सड़कों पर लगी स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने का निर्देश दिया था। उन्होंने दुर्गोत्सव पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीे हो यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था। शारदीय नवरात्र प्रारंभ हो गया है। 22 सितंबर से चौका में देवी दुर्गा के अलग-अलग रूपों की पूजा हो रही है। लेकिन अबतक ना चौका-कांड्रा सड़क को दुरुस्त किया गया है और ना सड़कों पर लगी स्ट्रीट लाइट जल रही हैं।



