झारखंड में भारी बारिश की चेतावनी, प्रशासन सतर्क — उपायुक्त ने आमजन से सावधानी बरतने की अपील

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सरायकेला-खरसावां, 17 जून : राज्य में आगामी तीन दिनों तक मौसम का मिज़ाज बिगड़ा रह सकता है। भारतीय मौसम विभाग ने 18 से 20 जून के बीच झारखंड के अधिकांश जिलों में भारी बारिश और तेज़ हवाओं की संभावना जताई है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है और आमजन से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।

सरायकेला-खरसावां जिले के उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितीश कुमार सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर नागरिकों को संभावित मौसमीय जोखिम से सतर्क रहने की सलाह दी है। साथ ही सभी विभागीय अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने और पूर्व तैयारियों को समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी प्रकार की जनहानि या क्षति से बचा जा सके।

 

 

जिला प्रशासन ने नागरिकों के लिए निम्नलिखित सावधानियों को अपनाने का अनुरोध किया है :

1. अत्यावश्यक कार्यों को छोड़कर घर से बाहर निकलने से बचें।

2. बिजली के खंभों, पेड़ों, नालों एवं जलजमाव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें।

3. बारिश या तूफ़ान के दौरान पेड़ों के नीचे खड़ा न हों।

4. नदी, नाले, पुल व खुले स्थानों पर जाने से परहेज करें।

5. प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें।

उपायुक्त ने कहा है कि “जनजीवन को सुरक्षित बनाए रखने हेतु प्रशासन पूरी तरह सतर्क है, परंतु जनसहभागिता के बिना आपदा से निपटना मुश्किल होता है। सभी नागरिक प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें और अफवाहों से बचें।”

 

आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों को अलर्ट पर रखा गया है। जिला नियंत्रण कक्ष को 24×7 सक्रिय किया गया है। संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों में पंपिंग सेट, नाव, और बचाव उपकरण तैयार रखे गए हैं।

 

तीन दिनों की संभावित खराब मौसम की चेतावनी को हल्के में न लें। सावधानी ही सुरक्षा है। प्रशासन ने जनहित में जो एडवाइजरी जारी की है, उसका पालन हर नागरिक का दायित्व है।

Share This Article