मानगो को विकास की मुख्यधारा से जोड़ेंगे, हर घर तक पहुंचाएंगे पानी : सुधा गुप्ता

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

मानगो को विकास की मुख्यधारा से जोड़ेंगे, हर घर तक पहुंचाएंगे पानी : सुधा गुप्ता

पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कारपेट छाप पर मतदान की अपील की, कई वार्डों में जनसंपर्क तेज

जमशेदपुर, 12 फरवरी : मानगो नगर निगम क्षेत्र में मेयर पद की प्रत्याशी सुधा गुप्ता ने सोमवार को कालिकानगर, पोस्ट ऑफिस रोड, शंकोसाई रिफ्यूजी कॉलोनी रोड नंबर–2, उलीडीह पंडित लाइन, आशियाना आनंद तारा और सुंदरवन फेज–1 क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। पदयात्रा और नुक्कड़ बैठकों के माध्यम से उन्होंने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर अपने पक्ष में समर्थन मांगा।

सुधा गुप्ता ने लोगों से 23 फरवरी को कारपेट छाप (क्रम संख्या 11) पर मतदान कर उन्हें विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य मानगो को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना और हर घर तक नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत न हो, इसके लिए स्थायी और ठोस योजना बनाकर काम किया जाएगा। “कोई भी घर पानी के लिए तरसे नहीं, यह मेरी प्राथमिकता होगी,” उन्होंने कहा।

पदयात्रा के दौरान स्थानीय बस्तीवासियों ने पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता द्वारा कराए गए विकास कार्यों का उल्लेख किया। लोगों ने बताया कि जिन सड़कों पर आज वे चल रहे हैं और मोहल्लों में लगी स्ट्रीट लाइटें, वह पूर्व मंत्री की पहल का परिणाम हैं। इस पर सुधा गुप्ता ने कहा कि यदि जनता का आशीर्वाद मिला तो विकास कार्यों को नई गति दी जाएगी और बुनियादी सुविधाओं को और सुदृढ़ बनाया जाएगा।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने भी लोगों से कारपेट छाप पर मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि मानगो के समग्र विकास के लिए एक सक्षम नेतृत्व का चयन आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता विकास और पारदर्शिता के पक्ष में अपना समर्थन देगी।

जनसंपर्क अभियान के दौरान विभिन्न मोहल्लों में लोगों का उत्साह देखने को मिला और कई स्थानों पर स्थानीय नागरिकों ने समर्थन का आश्वासन दिया।

Share This Article