घर सूना देख चोरों का बड़ा वार, पंडरा में एक ही रात में 16 लाख की संपत्ति साफ

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

रांची, 28 मार्च : राजधानी के पंडरा इलाके में चोरों ने सूने घर को निशाना बनाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया। घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोर करीब 16 लाख रुपये के जेवरात और नगदी लेकर फरार हो गए, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घर के सदस्य शुक्रवार की दोपहर गुमला गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने घर की रेकी कर बीती रात वारदात को अंजाम दिया। सुनसान का फायदा उठाते हुए चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर घुसकर अलमारी में रखे कीमती जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया।

घटना की जानकारी सबसे पहले पड़ोसियों को हुई, जिन्होंने घर मालिक को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही जब घर के मालिक लौटे तो घर का टूटा दरवाजा और बिखरा सामान देख उनके होश उड़ गए।

इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ-साथ संभावित सुराग जुटाने में लगी है।

फिलहाल, इस बड़ी चोरी की घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और पुलिस मामले के जल्द खुलासे का दावा कर रही है।

Share This Article