साप्ताहिक जनता दरबार में उठीं जनसमस्याएँ; उपायुक्त ने त्वरित समाधान का दिया निर्देश

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

साप्ताहिक जनता दरबार में उठीं जनसमस्याएँ; उपायुक्त ने त्वरित समाधान का दिया निर्देश

सरायकेला, 05 दिसंबर : समाहरणालय भवन स्थित कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं अंचलों से आए नागरिकों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं एवं शिकायतों से उपायुक्त को अवगत कराया। उपायुक्त ने प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित, निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

जनता दरबार में आज जिन समस्याओं को प्रमुखता से रखा गया, उनमें बुरुडीह बाईपास सड़क निर्माण से जुड़े मुआवजा भुगतान में अनियमितता, मुख्यमंत्री मईया सम्मान योजना (JMMSY) एवं अबुआ आवास योजना का लाभ न मिलना जैसी शिकायतें शामिल थीं। इसके अलावा दिव्यांग लाभुक हेतु इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने, चापाकल निर्माण तथा गोपीडीह पंचायत में मोबाइल टॉवर लगाने संबंधी आवेदन भी प्राप्त हुए।

सरायकेला अंचल के शासन गाँव में जर्जर मुख्य सड़क के पुनर्निर्माण, मिलन चौक से जुड़ने वाली सड़कों पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए स्पीड ब्रेकर निर्माण, तथा मुरूप पंचायत के नरायणडीह विद्यालय के दो जर्जर कक्षा-कक्षों के मरम्मतीकरण/नवनिर्माण की मांग भी प्रस्तुत की गई। साथ ही राशन कार्ड निर्गमन एवं विधवा पेंशन स्वीकृति संबंधी आवेदन भी लोगों ने उपायुक्त के समक्ष रखे।

उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी आवेदनों का पारदर्शी व समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में स्थलीय जांच आवश्यक है, वहाँ अधिकारी तत्काल निरीक्षण कर तथ्यात्मक प्रतिवेदन उपलब्ध कराएँ, ताकि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की देरी न हो। उन्होंने यह भी कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित पात्र लाभुकों को प्राथमिकता के आधार पर लाभ उपलब्ध कराना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Share This Article