
ड्यूटी के दौरान मोटरसाइकिल रोककर की जांच, पिछली सीट पर शव देख पुलिस को दी तत्काल सूचना
पुरुलिया, 14 सितंबर : पुरुलिया जिले के बलरामपुर थाना क्षेत्र में ग्राम पुलिस कर्मी की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से हत्या के एक मामले का खुलासा करने में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। बलरामपुर ग्राम पंचायत के ग्राम पुलिस कर्मी लक्ष्मी कांत कुमार की सूझबूझ की जिला पुलिस ने सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया है।
जानकारी के अनुसार, 12 सितंबर की रात ड्यूटी के दौरान लक्ष्मी कांत कुमार को एक मोटरसाइकिल की गतिविधि संदिग्ध लगी। शक होने पर उन्होंने मोटरसाइकिल को रोककर जांच की। जांच के दौरान उन्होंने देखा कि मोटरसाइकिल चालक पिछली सीट पर एक शव लेकर जा रहा था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्राम पुलिस कर्मी ने बिना देर किए बलरामपुर थाने को इसकी सूचना दी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भी सतर्क किया। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शव को बरामद किया और मामले में एकमात्र आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में बलरामपुर थाना में 13 सितंबर 2026 को एफआईआर दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
पुरुलिया के पुलिस अधीक्षक ने ग्राम पुलिस कर्मी लक्ष्मी कांत कुमार की सतर्कता, कर्तव्यनिष्ठा और त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा की। पुलिस अधीक्षक ने उनके आचरण को जिम्मेदार और पेशेवर पुलिस सेवा का उदाहरण बताते हुए उनके योगदान को सराहा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ड्यूटी के दौरान संदेहास्पद गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करना और समय रहते वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देना इस मामले में अहम साबित हुआ।