जनजातीय कार्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव आदि कर्मयोगी अभियान के तहत खूंटी के कोचा गांव में आयोजित विशेष ग्राम सभा में हुए शामिल

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जनजातीय कार्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव आदि कर्मयोगी अभियान के तहत खूंटी के कोचा गांव में आयोजित विशेष ग्राम सभा में हुए शामिल

खूंटी, 02 अक्टूबर : महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर गुरुवार “आदि कर्मयोगी अभियान” के तहत खूंटी जिले के चिन्हित आदिवासी एवं आदिम जनजाति बहुल गांवों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। इसी क्रम में तोरपा प्रखंड के कोचा गांव में आयोजित विशेष ग्राम सभा में जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त सचिव बृज नंदन प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। साथ ही, मंत्रालय की सहायक निदेशक अर्चना ने भी विभिन्न प्रखंडों में आयोजित ग्राम सभाओं में भाग लिया।

विशेष ग्राम सभा में ग्रामीणों की सहभागिता के साथ 5 वर्षों के लिए तैयार “विलेज विजन एक्शन प्लान” को सर्वसम्मति से पारित किया गया। उल्लेखनीय है कि “विलेज विजन एक्शन प्लान” में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, कृषि, स्वरोजगार एवं आधारभूत संरचना जैसे विषयों पर ग्रामीणों के सुझावों और आवश्यकताओं को शामिल किया गया है। जिसका उद्देश्य प्रत्येक पंचायत एवं गांव की स्थानीय जरूरतों के अनुरूप ठोस विकासात्मक कार्ययोजना तैयार करना है, जिससे आने वाले वर्षों में क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सके।

इस दौरान संयुक्त सचिव एवं सहायक निदेशक ने ग्रामीणों से संवाद स्थापित करते हुए कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्राम सभा में पारित एक्शन प्लान के सभी बिंदुओं का समयबद्ध ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करते हुए क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सहभागिता ही योजनाओं की सफलता की कुंजी है, इसलिए प्रत्येक स्तर पर पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए।

ग्राम सभा में उपस्थित ग्रामीणों ने कई आवश्यक सुझाव भी प्रस्तुत किए। ग्रामीणों ने कहा कि इस एक्शन प्लान के क्रियान्वयन से गांव में सकारात्मक परिवर्तन आएगा। इस अवसर पर परियोजना निदेशक आईटीडीए आलोक शिकारी कच्छप, जिला कल्याण पदाधिकारी प्रमोद राम, जिला योजना पदाधिकारी कुंदन कुमार, संबंधित क्षेत्र के प्रखंड विकास पदाधिकारी, आदि प्रभारी, आदि साथी, आदि सहयोगी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Share This Article