झारखंड स्थापना दिवस की रजत जयंती पर जिलेभर में संकल्प सभा एवं आवास कार्यक्रम आयोजित

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

झारखंड स्थापना दिवस की रजत जयंती पर जिलेभर में संकल्प सभा एवं आवास कार्यक्रम आयोजित

लाभुकों को मिला स्वीकृति पत्र, कई ने किया गृह प्रवेश

सरायकेला/चांडिल, 12 नवंबर : झारखंड राज्य स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर पूरे जिले में उत्साह और जनभागीदारी के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। राज्य सरकार के निर्देशानुसार सभी प्रखंडों के ग्राम पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं अबुआ आवास योजना के तहत संकल्प सभा, स्वीकृति पत्र वितरण और गृह प्रवेश कार्यक्रम संपन्न हुआ।

कार्यक्रमों में ग्रामीणों को दोनों योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा पात्र लाभुकों को स्वीकृति पत्र सौंपे गए। वहीं जिन लाभुकों के आवास पूर्ण हो चुके हैं, उन्होंने अपने नए घरों में विधिवत गृह प्रवेश किया।
इस दौरान ग्राम सभाओं के माध्यम से “सबके लिए आवास” के लक्ष्य को साकार करने का सामूहिक संकल्प लिया गया।

प्रखंड स्तर पर भी स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में विशेष समारोह आयोजित किए गए। उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं अबुआ आवास योजना के क्रियान्वयन में उल्लेखनीय योगदान दिया।

इटाकुदर पंचायत के दूधी गांव में हुआ मुख्य आयोजन

सरायकेला प्रखंड के इटाकुदर पंचायत अंतर्गत ग्राम दूधी में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा एवं उप विकास आयुक्त रीना हांसदा उपस्थित रहीं। दोनों अतिथियों ने लाभुकों के बीच स्वीकृति पत्र वितरित किए और गृह प्रवेश समारोह में भाग लिया।

ईचागढ़ की विधायक ने दी बधाई

चांडिल प्रखंड के रुचाप ग्राम पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने लाभुकों को योजना की सफलता के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गरीबों को पक्का मकान उपलब्ध कराने के अपने वादे पर तेजी से काम कर रही है। विधायक ने उपस्थित ग्रामीणों को राज्य की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी।

जिले के सभी पंचायतों में दिनभर उत्सव का माहौल रहा। ग्रामीणों ने नए घरों की खुशी साझा की और राज्य स्थापना दिवस को यादगार बनाया।

Share This Article