राखा माइंस स्टेशन से ऑनलाइन ठगी का भंडाफोड़, जादूगोड़ा पुलिस ने तीन साइबर अपराधियों को दबोचा

जमशेदपुर/ जादूगोड़ा, 04 अगस्त : ऑनलाइन ठगी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए जादूगोड़ा पुलिस ने डीएसपी संदीप भगत के नेतृत्व में राखा माइंस रेलवे स्टेशन परिसर से तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को यह सफलता कोवाली क्षेत्र में पूर्व में गिरफ्तार एक साइबर अपराधी से मिली जानकारी के आधार पर मिली। पकड़े गए आरोपियों में कोकदा गांव निवासी गिरधारी भक्त, कपिल देव भक्त और कोकिल भक्त शामिल हैं।
तीनों आरोपियों को जादूगोड़ा पुलिस ने हिरासत में लेकर जेल भेज दिया। डीएसपी संदीप भगत ने बताया कि ये आरोपी गूगल रिव्यू और रेटिंग टास्क के नाम पर लोगों से ठगी करते थे। इनके खिलाफ जादूगोड़ा थाने में कांड संख्या 44/25, दिनांक 04 अगस्त को भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि राखा माइंस रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर कुछ युवक टेलीग्राम और व्हाट्सऐप के जरिये गूगल टास्क पूरा करने के नाम पर लोगों से ऑनलाइन ठगी कर रहे हैं। सत्यापन के लिए जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो तीन युवक मोबाइल में व्यस्त थे। पुलिस को देखते ही वे भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने दौड़ाकर उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक आईफोन, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन और पांच विभिन्न बैंकों के पासबुक जब्त किए हैं। जांच में सामने आया कि ये लोग ठगी की रकम में से 10% कमीशन काटकर शेष 90% राशि एक एडमिन को भेजते थे। अब तक इन आरोपियों के खिलाफ देश के विभिन्न हिस्सों से 29 ऑनलाइन शिकायतें दर्ज की गई हैं। करीब 10 लाख रुपये के लेन-देन का भी खुलासा हुआ है।
इस पूरे अभियान का नेतृत्व डीएसपी संदीप भगत ने किया, जिसमें जादूगोड़ा थाना प्रभारी राजेश कुमार मंडल, अनंत मरांडी, मुस्ताक अंसारी और सुरेश हांसदा शामिल रहे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।



