मनरेगा दिवस पर मुसाबनी की कुईलीसुता पंचायत में श्रमिकों का सम्मान, उपायुक्त ने किया ग्रामीण अर्थव्यवस्था सशक्त करने का आह्वान

जमशेदपुर, 02 फरवरी : मनरेगा दिवस के अवसर पर सोमवार को पूर्वी सिंहभूम जिले की सभी पंचायतों में उत्साहपूर्वक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में जिले के उपायुक्त मुसाबनी प्रखंड अंतर्गत कुईलीसुता पंचायत में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शामिल हुए और मनरेगा योजना के तहत 100 दिन का कार्य पूर्ण करने वाले श्रमिकों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने श्रमिकों को बधाई देते हुए कहा कि मनरेगा योजना ग्रामीण परिवारों के लिए आजीविका सुरक्षा की मजबूत ढाल है। यह योजना न केवल रोजगार उपलब्ध कराती है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में भी अहम भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि मनरेगा के माध्यम से जिले के गांवों में जल संरक्षण, सिंचाई, वृक्षारोपण, तालाब निर्माण एवं अन्य स्थायी ग्रामीण परिसंपत्तियों का सृजन हो रहा है, जिससे दीर्घकालीन विकास को गति मिल रही है।
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि मनरेगा कार्यों में पारदर्शिता, समय पर मजदूरी भुगतान और कार्यस्थलों पर पेयजल, छाया व प्राथमिक चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि वे पंचायत स्तर पर स्वीकृत योजनाओं में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अधिक से अधिक कार्यों से जुड़कर योजना का लाभ उठाएं।
मनरेगा दिवस के अवसर पर जिले की सभी पंचायतों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां श्रमिकों को योजना के प्रावधानों, अधिकारों और उपलब्धियों की जानकारी दी गई। साथ ही 100 दिन का कार्य पूर्ण करने वाले श्रमिकों को सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ाया गया।
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, मनरेगा कर्मी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रमिक उपस्थित रहे। पूरे जिले में मनरेगा दिवस को श्रमिक सम्मान और ग्रामीण विकास के संकल्प के रूप में मनाया गया, जिसने गांवों में सकारात्मक संदेश दिया।



