चार मासूमों को मिला नई जिंदगी का भरोसा, निःशुल्क हृदय ऑपरेशन के लिए तेलंगाना रवाना

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जमशेदपुर, 28 जून : जन्मजात हृदय रोग से जूझ रहे चार मासूम बच्चों के लिए शनिवार का दिन उम्मीद और नई जिंदगी की शुरुआत लेकर आया। आर्थिक तंगी के कारण जिन परिवारों के लिए महंगा हृदय ऑपरेशन कराना संभव नहीं था, उन्हें अब पूरी तरह निःशुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है। “नन्हा सा दिल” अभियान के तहत चार बच्चों को हृदय शल्य चिकित्सा के लिए टाटानगर रेलवे स्टेशन से श्री सत्य साई संजीवनी अस्पताल, कोंडापाका (तेलंगाना) रवाना किया गया।

रवाना किए गए बच्चों में दो पलामू, एक सरायकेला-खरसावां और एक पूर्वी सिंहभूम जिले का है। इन बच्चों की पहचान जिला एवं प्रखंड स्तर पर आयोजित विशेष स्वास्थ्य जांच शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्क्रीनिंग और इकोकार्डियोग्राफी के माध्यम से की गई थी। विस्तृत चिकित्सकीय परीक्षण के बाद इन्हें ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया।

इस अभियान की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि बच्चों और उनके अभिभावकों पर इलाज का कोई आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा। घर से अस्पताल तक आने-जाने की यात्रा, रहने-खाने की व्यवस्था, दवाइयां, ऑपरेशन तथा उपचार से जुड़ी सभी सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रत्येक बच्चे के साथ दो अभिभावकों के यात्रा की भी व्यवस्था की गई है।

दूर-दराज और संसाधनों से वंचित क्षेत्रों के परिवारों के लिए यह पहल किसी वरदान से कम नहीं है। समय पर उपचार मिलने से इन बच्चों को सामान्य और स्वस्थ जीवन जीने का अवसर मिलेगा।

उल्लेखनीय है कि “नन्हा सा दिल” अभियान के तहत जन्म से 18 वर्ष तक के बच्चों की निःशुल्क हृदय जांच की जा रही है। जांच के दौरान हृदय रोग से पीड़ित पाए जाने वाले बच्चों को आगे की जांच और आवश्यक उपचार के लिए विशेषज्ञ अस्पतालों से जोड़ा जा रहा है।

जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की समय-समय पर स्वास्थ्य जांच अवश्य कराएं तथा ऐसे शिविरों का लाभ उठाएं, ताकि जन्मजात हृदय रोग की समय रहते पहचान कर उनका सफल उपचार सुनिश्चित किया जा सके।

Share This Article