समाजसेवा के लिए सम्मानित हुई श्री शनिदेव भक्त मंडली (ट्रस्ट)

Manbhum Updates
2 Min Read

समाजसेवा के लिए सम्मानित हुई श्री शनिदेव भक्त मंडली (ट्रस्ट)

आर्किड मेडिकल सेंटर, रांची में रक्त केंद्र का हुआ उद्घाटन

रांची, 21 सितंबर : श्री शनिदेव भक्त मंडली (ट्रस्ट) के लिए रविवार का दिन ऐतिहासिक रहा। अवसर था आर्किड मेडिकल सेंटर, रांची में शोनित फाउंडेशन के सहयोग से ब्लड सेंटर के उद्घाटन का। इस दौरान समाज सेवा और विशेषकर रक्तदान के क्षेत्र में सक्रिय योगदान के लिए मंडली के पदाधिकारियों को एक साथ सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और विशिष्ट अतिथि के रूप में वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर और आर्किड मेडिकल सेंटर के निदेशक सिद्धार्थ जैन ने दीप प्रज्वलित कर की।

इस मौके पर ट्रस्ट के संस्थापक-संरक्षक, मंडली अध्यक्ष राजेश चाचरा, उपाध्यक्ष पंकज कुमार रामा, सचिव उज्जवल घोष और कोषाध्यक्ष प्रेम कुमार शर्मा को मंच पर सम्मानित किया गया।

वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि पूरे झारखंड में स्वैच्छिक रक्तदान को प्रोत्साहित करने के लिए अधिक से अधिक जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार इस तरह की संस्थाओं को हरसंभव सहयोग करेगी।

श्री शनिदेव भक्त मंडली (ट्रस्ट) परिवार ने इस सम्मान के लिए शोनित फाउंडेशन और आर्किड मेडिकल सेंटर का आभार व्यक्त किया और संकल्प लिया कि आने वाले वर्षों में अधिक से अधिक रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा ताकि किसी भी मरीज की जान खून की कमी से न जाए।

Share This Article