दुर्गा पूजा से पहले सरायकेला-खरसावां पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चार वारंटियों की गिरफ्तारी
सरायकेला/चांडिल, 16 सितम्बर : आगामी दुर्गा पूजा को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सरायकेला-खरसावां पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए चार फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कपाली ओपी क्षेत्र में की गई।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित छापामारी दल ने 15 और 16 सितम्बर को अभियान चलाकर न्यायालय द्वारा निर्गत गैर-जमानती वारंटियों को दबोच लिया। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
गिरफ्तार वारंटियों में कपाली के गौसनगर निवासी इसरान उर्फ माइकल, नसीम उर्फ लल्लद, आबिद उर्फ जुनमन तथा कपाली के मिल्लत नगर निवासी महबूब हुसैन उर्फ शाका शामिल हैं।।
पुलिस छापामारी दल में कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार, एएसआई रंजीत कुमार सिंह, हसनैन अंसारी, दरस्तगीर आलम व विपुल कुमार तिवारी आदि शामिल थे।
पुलिस ने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।