राजकन्या उच्च विद्यालय में हेल्थ एजुकेशन वीक के तहत जागरूकता कार्यक्रम

सरायकेला, 11 सितम्बर : राजकन्या उच्च विद्यालय, सरायकेला में हेल्थ एजुकेशन वीक (HEW) के तहत गुरुवार को एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्य ठाकुर मुख्य रूप से उपस्थित थीं।
इस अवसर पर छात्राओं को बाल विवाह रोकने, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, साइबर क्राइम से बचाव, महिला हेल्पलाइन और चाइल्ड हेल्पलाइन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राएं, शिक्षकगण, सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक और आरकेएसके (RKSK) के कार्यकर्ता भी मौजूद थे।

इसी क्रम में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्र पंडरा-1, सरायकेला का निरीक्षण किया। वहां VHSND दिवस और केंद्र संचालन की स्थिति की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लाभुकों को गुणवत्तापूर्ण सेवा उपलब्ध कराने और केंद्रों के संचालन को पारदर्शी व सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया। साथ ही आंगनबाड़ी सेविकाओं और कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि वे बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, साइबर क्राइम से बचाव और बाल विवाह उन्मूलन से जुड़ा संदेश अधिक से अधिक परिवारों तक पहुँचाएं।
जिला समाज कल्याण पदाधिकारी के प्रमुख निर्देश :
विद्यालयों और समुदाय स्तर पर बाल विवाह रोकने के लिए नियमित जागरूकता अभियान चलाए जाएं।
“बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” योजना का संदेश जन-जन तक पहुँचाया जाए और छात्राओं की शिक्षा व सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी जाए।
बढ़ते साइबर अपराध को देखते हुए छात्र-छात्राओं को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की जानकारी दी जाए और हेल्पलाइन नंबर बताए जाएं।
महिला हेल्पलाइन (181) और चाइल्ड हेल्पलाइन (1098) की जानकारी हर विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र में प्रमुखता से उपलब्ध कराई जाए।
VHSND दिवस पर पोषण, स्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़ी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जाए।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों और महिलाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण पोषण आहार व सेवाएं सुनिश्चित की जाएं।



