पूर्वी सिंहभूम जिले के उपायुक्त से मिले झामुमो विधायक, विभिन्न मुद्दों पर हुई चर्चा

जमशेदपुर, 10 सितंबर : पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न मुद्दों को लेकर बुधवार को पोटका विधायक संजीव सरदार, बहराघोड़ा विधायक समीर मोहंती, जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी से मुलाकात किया। इस दौरान जिले के रैयतदारों को अब तक सड़क निर्माण विभाग द्वारा भूमि अधिग्रहण का मुआवजा नहीं मिलने का मामला प्रमुखता से उठाया गया। मुलाकात के वक्त विधायकों के साथ पूर्व मंत्री दिवंगत रामदास सोरेन के पुत्र सह झामुमो नेता सोमेश चंद्र सोरेन भी शामिल थे। विधायकों ने स्पष्ट रूप से कहा कि जिले में रोड निर्माण हेतु जमीन देने वाले किसानों और ग्रामीणों को जब तक उनका उचित मुआवजा नहीं मिलेगा, तब तक न्याय अधूरा रहेगा। विधायकों ने चेतावनी दी कि यदि इस दिशा में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे इस मामले को मुख्यमंत्री तक ले जाएंगे।
क्षेत्र से जुड़े कई अन्य मुद्दों पर भी हुई चर्चा
विधायकों ने चाटीकोचा गांव के यूरेनियम कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसीआईएल) प्रोजेक्ट प्रभावित परिवारों का पुनर्वास जल्द सुनिश्चित करने की मांग रखी। इसके तहत विस्थापित परिवारों को भूखंड, आवास, बिजली, पेयजल और सामुदायिक ढांचा उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
पूर्वी सिंहभूम जिले में हुए चौकीदार पदस्थापन में हुई विसंगतियों को दूर करने और बाहरी प्रखंडों में भेजे गए चौकीदारों को गृह प्रखंड में ही पदस्थापित करने का आग्रह भी किया गया। इसके साथ ही उन्होंने लंबे समय से लंबित हरिणा मेला, रंकीनी महोत्सव, नेता जी गूंज महाउत्सव को राजकीय मेला का दर्जा देने की प्रक्रिया पूरी करने पर बल दिया।
विधायकों ने भू अर्जन विभाग में हो रही गड़बड़ियों और अनियमितताओं की ओर उपायुक्त का ध्यान दिलाया और तत्काल कार्रवाई की मांग की।
बैठक में पूर्वी सिंहभूम जिले के राशन डीलरों के कमीशन की लंबित भुगतान राशि को लेकर भी चिंता जताई गई। सभी विधायकों ने कहा कि कई महीनों से राशन डीलरों को कमीशन की बकाया राशि के चलते डीलरों में असंतोष है और वे हड़ताल में हैं। उन्होंने उपायुक्त से तत्काल भुगतान सुनिश्चित करने को कहा ।
साथ ही जिले के एकलव्य विद्यालय में घंटी आधारित शिक्षकों की नियुक्ति में आ रही शिकायतों की ओर भी ध्यान दिलाया गया और आवश्यक सुधार करने को कहा गया। वहीं, जिले के सभी स्वीकृत धूमकुड़िया भवनों के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करने की भी मांग रखी गई। मौके पर उपायुक्त ने आश्वस्त किया की जल्द ही सभी मामलो में सकारात्मक पहल की जाएगी।



