विस्थापित अधिकार मंच फाउंडेशन ने मांगों को लेकर विधायक को सौंपा ज्ञापन

चांडिल, 08 सितंबर : विस्थापित अधिकार मंच फाउंडेशन के अध्यक्ष राकेश रंजन महतो के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को विधायक सविता महतो से मिलकर उन्हें चांडिल डैम से प्रभावित विस्थापितों की समस्याओं एवं उनकी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि विस्थापित परिवार पिछले कई दशकों से अपने वैधानिक अधिकारों से वंचित हैं। फाउंडेशन ने कहा कि चांडिल डैम से प्रभावित 116 गांवों के विस्थापितों का जीवन और अस्तित्व इस लड़ाई से जुड़ा हुआ है। यदि सरकार और प्रशासन स्तर पर ठोस पहल नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इन मांगों पर सौंपा गया ज्ञापन
सौंपे गए ज्ञापन में प्रभावित परिवारों को मंडल डैम के विस्थापितों की तरह 15-15 लाख मुआवजा एवं एक एकड़ जमीन देने, विकास पुस्तिका में नाम जोड़ने एवं नया विकास पुस्तिका बनाने, क्षेत्रीय लिपिकीय पदों पर भर्ती नियमावली 2025 के आलोक में सरकारी विभागों में नियोजन पर विस्थापित परिवारों को वरीयता देने, भूखंड आवंटन हेतु अध्यक्ष का गठन व पुनर्वास स्थल का विकास, सीमांकन, चारदीवारी एवं अतिक्रमण रोकने की व्यवस्था करने, प्रत्येक गांव में कैंप लगाकर अनुदान का भुगतान करने और पुनरीक्षित पुनर्वास नीति 2012 के तहत बेरोजगारों को प्रशिक्षण देने की मांग शामिल हैं। मौके पर आंदोलनकारी मनोहर महतो और हरेकृष्ण महतो उपस्थित थे।



