ईचागढ़ : बालू लदे ट्रैक्टरों ने सड़क की हालत बिगाड़ी, आमजन बेहाल
ईचागढ़ स्थित नया पुल के समीप सड़क की बदहाल स्थिति
ईचागढ़, 06 सितंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र के ईचागढ़ पुल के समीप लगभग 200 मीटर सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। यह सड़क पातकुम पुराने पुल और ईचागढ़ नए पुल के बीच स्थित है, जो पातकुम से ईचागढ़ पुराने हाई स्कूल की ओर जाती है।
बरसात और बालू लदे ट्रैक्टरों के लगातार दबाव से सड़क जगह-जगह बड़े बड़े गड्ढों में तब्दील हो गई है। बड़े-बड़े गड्ढों और कीचड़ भरी राह से पैदल चलने वाले राहगीरों और छोटे वाहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन वाहन फंसने, क्षतिग्रस्त होने और कलपुर्जे टूटने की घटनाएं सामने आ रही हैं।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण के बाद से ही सड़क उखड़ने लगी थी। स्थिति और खराब तब हुई जब स्वर्णरेखा नदी के डियाडीह और खोखरो घाट से प्रतिदिन रात के अंधेरे में बड़े पैमाने पर ट्रैक्टरों से अवैध बालू ढुलाई की जाने लगी। इन भारी ट्रैक्टरों के दबाव से सड़क कुछ ही दिनों में टूटकर पूरी तरह बर्बाद हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि यदि समय रहते प्रशासन ने इस पर ध्यान नहीं दिया, तो सड़क का यह हिस्सा पूरी तरह से चलने योग्य नहीं रहेगा। साथ ही अवैध बालू परिवहन पर अंकुश लगाने की मांग भी ग्रामीणों ने की है।