बैंकिंग सेवाओं को जनसुलभ, पारदर्शी और उत्तरदायी बनाना सभी की जिम्मेदारी : उपायुक्त, 

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

बैंकिंग सेवाओं को जनसुलभ, पारदर्शी और उत्तरदायी बनाना सभी की जिम्मेदारी : उपायुक्त, 

समाहरणालय सभागार में DLCC बैठक, सरकारी योजनाओं की समीक्षा के साथ अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश

सरायकेला-खरसावां, 28 जुलाई : जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति (DLCC) की बैठक संपन्न हुई। इस दौरान जिले में संचालित विभिन्न वित्तीय एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।

बैठक में क्रेडिट-डेबिट अनुपात, कृषि ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP), मुद्रा योजना, एमएसएमई, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना एवं राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन सहित विभिन्न योजनाओं के प्रगति की गहन समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे लक्ष्य अनुरूप योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित करें और पात्र लाभुकों को योजनाओं का समय पर लाभ प्रदान करें। उन्होंने कहा कि सभी बैंककर्मी लाभुकों के साथ सहयोगात्मक एवं संवेदनशील व्यवहार अपनाएं तथा आवेदनों की अस्वीकृति की स्थिति में स्पष्ट कारण दर्शाते हुए समय पर लाभुकों को सूचित करें।

उन्होंने यह भी कहा कि शैक्षणिक ऋण के सभी लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन कर योग्य छात्रों को लाभ दिया जाए। साथ ही सभी बैंकों को निर्देशित किया गया कि किसी भी योजना के तहत प्राप्त आवेदनों को बिना ठोस कारण के खारिज न किया जाए।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार का भेदभाव अथवा अभद्र व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बैंकिंग प्रणाली आमजन के विश्वास का आधार है, इसलिए इसे पारदर्शी, जनसुलभ और उत्तरदायी बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक वरुण चौधरी, डीडीएम नाबार्ड, डीएम-जीआईसी, जिला कृषि पदाधिकारी, सहायक निदेशक आरसेटी, विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक, जिला समन्वयक, तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article