सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
सरायकेला, 16 अक्टूबर : दुर्गा पूजा के मद्देनजर सरायकेला-खरसावां जिले के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वगियारी ने शुक्रवार को कपाली नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों, विसर्जन घाटों और वहां तक पहुंचने वाले मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता और निगरानी व्यवस्था का अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने, भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां रखने का निर्देश दिया।
उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने पूजा पंडालों तथा विसर्जन घाटों तक आने-जाने वाले मार्गों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने यातायात व्यवस्था सुचारु रखने, अनावश्यक वाहन पार्किंग पर रोक लगाने और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर यातायात नियंत्रण के लिए समुचित प्रबंध करने को कहा। जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों के इस्तेमाल की तैयारी रखने का भी निर्देश दिया गया।
विसर्जन घाटों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने, पहुंच मार्गों को सुगम बनाए रखने और आवश्यकतानुसार पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने पूजा के दौरान नियमित गश्ती करने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आम नागरिकों की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। इस मौके पर कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार दल बल के साथ मौजूद रहे।



