धार्मिक प्रताड़ना के मामलों पर अल्पसंख्यक आयोग सख्त, जमशेदपुर में सुनीं शिकायतें

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

धार्मिक प्रताड़ना के मामलों पर अल्पसंख्यक आयोग सख्त, जमशेदपुर में सुनीं शिकायतें

जमशेदपुर, 28 अगस्त : झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष (दर्जा-राज्य मंत्री) प्रणोष सोलोमन और सदस्य एकरारूल हसन जमशेदपुर प्रवास पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने परिसदन में विभिन्न अल्पसंख्यक समुदायों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की और उनकी समस्याएँ सुनीं। बैठक में धर्म के नाम पर बढ़ती प्रताड़ना और भेदभाव के मुद्दे प्रमुख रूप से उठे।

समुदाय के लोगों ने कहा कि हाल के दिनों में जमशेदपुर में धार्मिक प्रताड़ना की घटनाएँ तेजी से बढ़ी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पर प्रशासन की उदासीनता ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। ऑल इंडिया क्रिस्चन माइनॉरिटी फ्रंट के अध्यक्ष अजित तिर्की ने इसे मानवाधिकारों का हनन और संविधान के अनुच्छेद 25 से 28 का उल्लंघन बताया। उन्होंने कहा कि धर्म के नाम पर हिंसा और भेदभाव लोकतंत्र की जड़ों को कमजोर करते हैं।

बैठक में उपस्थित ज़ेडक्वाटर डीएसपी भोला ने भरोसा दिलाया कि पुलिस किसी भी स्थिति में अन्याय या गलत बर्दाश्त नहीं करेगी। बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक समुदाय के लोग मौजूद थे और उन्होंने अपनी समस्याएँ सीधे आयोग के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सभी शिकायतों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर अल्पसंख्यक कमिटी के सदस्य इक्वरारुल हसन (आलम), सामाजिक कार्यकर्ता दीपक रंजीत, गौतम बोस और बिन्दे सोरेन भी उपस्थित रहे।

बैठक के बाद उपाध्यक्ष प्रणोष सोलोमन पूर्व मंत्री स्व. रामदास सोरेन के पैतृक आवास घोड़ाबांधा पहुँचे। उन्होंने पूर्व शिक्षा मंत्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।

Share This Article