जमशेदपुर : आदि कर्मयोगी अभियान के तहत तीन दिवसीय मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण शुरू

जमशेदपुर, 28 अगस्त : आदि कर्मयोगी अभियान के तहत प्रखंड स्तरीय मास्टर ट्रेनरों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ सोन मंडप, सिदगोड़ा में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रभारी जिला कल्याण पदाधिकारी सचिदानंद महतो, प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनरों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रशिक्षण हॉल को आंगन के स्वरूप में सजाया गया और गोलाकार संरचना में दीप प्रज्ज्वलित कर सामूहिकता का संदेश दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आदि कर्मयोगी अभियान के उद्देश्य, लक्ष्यों और चुनौतियों से अवगत कराया गया। प्रशिक्षकों ने बताया कि यह अभियान जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, आजीविका और सामाजिक विकास के क्षेत्र में बहुआयामी योगदान देगा। चर्चा में यह भी रेखांकित किया गया कि विभागों के बीच आपसी समन्वय और सहभागिता से अभियान को अधिक प्रभावी ढंग से लागू किया जा सकता है।
कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनरों की भूमिका को विशेष रूप से महत्वपूर्ण बताया गया। उन्हें अभियान के मुख्य वाहक मानते हुए कहा गया कि वे प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने-अपने प्रखंडों में अन्य कर्मयोगियों को तैयार करेंगे और गतिविधियों को धरातल तक पहुँचाएंगे।
इस मौके पर जिला प्रशासन ने विश्वास जताया कि मास्टर ट्रेनर अभियान को सफल बनाने में अहम योगदान देंगे। साथ ही जनजातीय समाज को योजनाओं से जोड़ने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार लाने में निर्णायक भूमिका निभाएंगे।



