गरीब और वंचित परिवारों के मुआवजे की व्यवस्था पर सीएम से मिले कुणाल षाड़ंगी

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

गरीब और वंचित परिवारों के मुआवजे की व्यवस्था पर सीएम से मिले कुणाल षाड़ंगी

रांची, 26 अगस्त : झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर अतिवृष्टि से प्रभावित गरीब एवं वंचित परिवारों के लिए मुआवजा व्यवस्था में सुधार करने की मांग की।

कुणाल षाड़ंगी ने मुख्यमंत्री का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया कि हाल की भारी बारिश से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बड़ी संख्या में मकान ढहकर नष्ट हो गए हैं। वर्तमान व्यवस्था में केवल रैयति भूमि पर घर वाले लाभुकों को ही आपदा प्रबंधन विभाग के तहत मुआवजा मिलता है, जबकि वनभूमि पर रहने वाले, शहरी स्लम के निवासी तथा भूमिहीन गरीब परिवार किसी भी प्रकार की राहत से वंचित रह जाते हैं।

उन्होंने कहा कि यह स्थिति न केवल अमानवीय है, बल्कि संविधान के अनुच्छेद 14 (समानता का अधिकार) और अनुच्छेद 21 (जीवन व व्यक्तिगत स्वतंत्रता का अधिकार) की भावना के भी विरुद्ध है। उन्होंने आग्रह किया कि ऐसे प्रभावित परिवारों को मुख्यमंत्री राहत कोष अथवा अन्य विशेष मद से त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाए।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कुणाल षाड़ंगी को आश्वस्त किया कि इस विषय पर उच्चाधिकारियों के साथ विमर्श कर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article