चाईबासा में ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ सख्त कार्रवाई, जांच अभियान में कई वाहन चालक पकड़े गए

चाईबासा, 21 अगस्त : पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की संयुक्त पहल पर गुरुवार को चाईबासा शहरी क्षेत्र में ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार, जिला यातायात प्रभारी संतोष कुमार एवं सड़क सुरक्षा टीम मौके पर मौजूद रहे।
अभियान के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी ने कहा कि जिले में हो रही सड़क दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण शराब पीकर वाहन चलाना है। इसके खिलाफ लगातार जांच अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि नशे की हालत में वाहन चलाते पकड़े जाने पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत वाहन जब्त किया जाएगा और ₹10,000 का जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही उन्होंने सभी चालकों से अपील की कि नशे में कभी भी वाहन का संचालन न करें।

यातायात प्रभारी संतोष कुमार ने कहा कि नशे की स्थिति में जब व्यक्ति खुद को संतुलित नहीं रख पाता, तो वाहन को नियंत्रित करना और भी मुश्किल हो जाता है। ऐसी स्थिति में वाहन चालक न केवल खुद की बल्कि यात्रियों और आमजन की जान को भी खतरे में डालते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए जिला और पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सख्त है तथा सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा का आनंद लें।



